मुम्बई
सैफ अली खान पर चाकू से हमला, अस्पताल में भर्ती

घर में काम करने वाले तीन कर्मचारी हिरासत में
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर बीती रात चाकू से हमले की घटना ने पूरे देश में सनसनी फैला दी है। घटना मुंबई स्थित उनके आवास पर घटी, जब एक अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हमलावर ने पहले घर की नौकरानी से झगड़ा किया। सैफ ने स्थिति को शांत करने की कोशिश की, लेकिन उस व्यक्ति ने अचानक चाकू से उन पर हमला कर दिया।
लीलावती अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि हमले में सैफ अली खान की गर्दन पर 10 सेंटीमीटर गहरा घाव हुआ है। उनके बाएं हाथ और पीठ पर भी गंभीर चोटें आई हैं। खासतौर पर उनकी रीढ़ की हड्डी के पास एक नुकीली वस्तु फंसी हुई है, जिससे उनकी स्थिति और गंभीर हो गई है। सर्जरी रात से जारी है और डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी देखरेख कर रही है। सारा अली खान और इब्राहिम अली खान ने लीलावती अस्पताल पहुंचकर अपने पिता का हाल जाना।
मुंबई पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। हमलावर की पहचान और हमले के पीछे की मंशा स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारी गुरुवार की सुबह सैफ अली खान के घर के पहुँचे और आसपास की इमारतों की तलाशी ली। मुंबई पुलिस के स्निफर डॉग को सैफ के घर लाया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने सैफ के घर में काम करने वाले तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
सैफ अली खान की टीम ने उनके प्रशंसकों से संयम बनाए रखने की अपील की है। अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूत्रों से जानकारी लेने की सलाह दी गई है।