पूर्वांचल
सुलहनामे के बाद मायके लौटी विवाहिता
जौनपुर। क्षेत्र के सोंगर गांव में एक विवाहिता दो दिन से ससुराल में रहने की जिद पर अड़ी थी आखिरकार बृहस्पतिवार की देर शाम पुलिस और ग्रामीणों के समझाने पर मान गई। सुलहनामे के बाद महिला अपने मायके वापस चली गई और यह तय किया गया कि 20 दिनों के भीतर उसके पति के मुंबई से लौटने पर आगे का फैसला लिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, सोंगर निवासी अरुण की शादी तीन साल पहले सरायख्वाजा क्षेत्र के धौरइल गांव की पूनम से हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच रिश्तों में खटास आ गई, जिसके चलते पति-पत्नी अलग-अलग रहने लगे और मामला कोर्ट में पहुंच गया। पूनम अपने मायके में रहने लगी जबकि पति अरुण आजीविका के लिए मुंबई चला गया।
23 अक्टूबर को पूनम अपने ससुराल में रहने के लिए आ धमकी और घर में ठहरने की जिद पर अड़ गई। ससुराल वालों ने उसे घर में प्रवेश देने से इनकार कर दिया। अंततः पुलिस की मदद लेनी पड़ी और गांव के संभ्रांत व्यक्तियों की उपस्थिति में एक सुलहनामा तैयार किया गया, जिसमें यह तय किया गया कि अरुण के मुंबई से लौटने तक पूनम को अपने मायके में ही रहना होगा।
प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र सिंह ने बताया कि महिला को समझाकर उसके मायके भेज दिया गया है। इस विवाद के निस्तारण के लिए पति को मुंबई से बुलाया गया है और 20 दिनों के भीतर पति के आने पर ही मामले का समाधान संभव होगा।
