Connect with us

राज्य-राजधानी

सुरक्षाकर्मियों की लापरवाही से उठा सवाल, मेडिकल कॉलेज में बच्चा भटका

Published

on

Loading...
Loading...

देवरिया। जिले के देवरिया मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। एक चार वर्षीय बच्चा अपनी दादी के पास से निकलकर सीढ़ियों के रास्ते सीधे पांचवीं मंजिल तक पहुंच गया, लेकिन इस दौरान किसी भी सुरक्षाकर्मी की उस पर नजर नहीं पड़ी। करीब दो घंटे तक चले खोजबीन के बाद अस्पताल में इलाज के लिए आई अन्य महिलाओं की मदद से बच्चा पांचवीं मंजिल पर रोते हुए मिला, जिसके बाद उसे उसकी मां के सुपुर्द किया गया।

जानकारी के अनुसार, खुखुंदू थाना क्षेत्र के परसिया मिश्र गांव की एक महिला के हाथ की हड्डी टूट गई थी। वह अपने चार साल के बच्चे के साथ इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज आयी थी। डॉक्टर को दिखाने के दौरान महिला ने कुछ समय के लिए अपने बच्चे को साथ आयी दूसरी महिला के पास छोड़ दिया। इसी बीच उस महिला की आंख लग गई और बच्चा अपनी मां को खोजते हुए नवीन ओपीडी की सीढ़ियों से ऊपर चढ़ता चला गया। वह पहले प्रथम तल, फिर दूसरे और तीसरे तल को पार करते हुए आखिरकार पांचवीं मंजिल की छत तक पहुंच गया।

Loading...

उधर, बच्चे की मां जब हाथ का प्लास्टर कराकर लौटी तो उसे अपने बच्चे के लापता होने की जानकारी मिली। इसके बाद वह और उसके साथ आई महिलाएं तथा अन्य लोग बच्चे की तलाश में जुट गए। काफी खोजबीन के बाद बच्चा दो घंटे बाद पांचवीं मंजिल पर रोते हुए मिला, तब जाकर परिजनों और मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

मामले को लेकर सीएमएस डॉ. एचके मिश्र ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि प्रकरण की जांच कराई जाएगी और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page