वायरल
सीजेआई ने एआई वकील से पूछा सवाल, जवाब सुनकर मुस्कुराने लगे
नई दिल्ली। नेशनल ज्यूडिशियल म्यूजियम में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान, भारत के मुख्य न्यायधीश (CJI) डीवाई चंद्रचूड़ ने एक एआई वकील से संवाद किया। इस मौके पर सीजेआई ने एआई वकील से एक महत्वपूर्ण सवाल पूछा, “क्या भारत में मौत की सजा संवैधानिक है ?”
एआई वकील ने इसका जवाब विस्तार से देते हुए बताया कि, “भारतीय संविधान के तहत मौत की सजा को संवैधानिक माना जाता है, बशर्ते यह न्यायिक विवेक और उचित प्रक्रिया के तहत लागू की जाए।” एआई वकील ने भारतीय सुप्रीम कोर्ट के कई फैसलों का हवाला दिया, जिसमें यह स्पष्ट किया गया कि मौत की सजा केवल उन मामलों में दी जा सकती है, जहां अपराध की गंभीरता अत्यधिक हो और अपराधी समाज के लिए खतरा साबित हो।
वकील का यह जवाब सुनकर CJI चंद्रचूड़ मुस्कुरा पड़े और कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस चर्चा को बेहद रोचक पाया। AI वकील के साथ यह संवाद न्यायिक प्रक्रिया में तकनीकी हस्तक्षेप की बढ़ती भूमिका को दर्शाता है जो भविष्य में कानून के क्षेत्र में अहम बदलाव ला सकता है।
