चन्दौली
सिंचाई संकट पर किसानों की बैठक, मुख्यमंत्री से स्थायी समाधान की मांग
बबुरी (चंदौली)। गुरुवार को चंदौली में होने जा रही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की समीक्षा बैठक में बबुरी क्षेत्र के किसानों की सिंचाई समस्याएं उठाई जाएंगी। इसी क्रम में बुधवार को किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष व किसान नेता राणा प्रताप सिंह ने बबुरी में किसानों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं जानीं।
बैठक में उपस्थित किसानों ने क्षेत्र की नहरों की दुर्दशा और सिंचाई व्यवस्था की समस्याओं को रखते हुए मांग की कि वर्षों से लंबित मांगों को अब सरकार के समक्ष रखा जाए। किसानों ने विशेष रूप से क्षेत्र की नहरों को गंगा नहर तथा पम्प कैनाल से जोड़ने की आवश्यकता जताई, जिससे सिंचाई की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

राणा प्रताप सिंह ने बताया कि वे गुरुवार को मुख्यमंत्री की चंदौली में होने वाली समीक्षा बैठक में बबुरी क्षेत्र के किसानों की ओर से प्रतिनिधि बनकर यह मांग रखेंगे कि वर्षों से सिंचाई संकट झेल रहे किसानों की समस्याओं का समाधान किया जाए। नहरों को गंगा नहर से जोड़ने और महदीऊल पम्प कैनाल के आधुनिकीकरण से हजारों एकड़ भूमि को सिंचाई का स्थायी साधन मिल सकेगा। बैठक में सुभाष सोनकर, गया सिंह, हरिश्चंद्र पटवा, महेंद्र यादव, मुमताज, बिजयी यादव सहित दर्जनों किसान उपस्थित रहे।
