गोरखपुर
साइबर अपराध से बचने के लिए, किसी को ना बताएं ओटीपी : राम मुकुंद कुमार
गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला थाना क्षेत्र स्थित स्वामी विवेकानंद स्मारक महाविद्यालय चाडी केशवापार में बुधवार को बीए प्रथम वर्ष व द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं द्वारा बीए-बीएड अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं के लिए भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में साइबर क्राइम थाना गोला बाजार के उपनिरीक्षक राम मुकुंद कुमार उपस्थित रहे। वहीं कांस्टेबल अविनाश सोनकर भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि राम मुकुंद कुमार ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी विभिन्न माध्यमों से लोगों का डाटा चोरी कर उसका दुरुपयोग करते हैं, जैसे मोबाइल से ओटीपी प्राप्त कर खाते से पैसा निकाल लेना या एआई के जरिए धोखाधड़ी करना।
उन्होंने कहा कि अपराधी लालच देकर, जैसे लॉटरी या पुराने सिक्कों के बदले अधिक पैसे देने का झांसा देकर, या डराकर लोगों से धन ऐंठते हैं। कांस्टेबल अविनाश सोनकर ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि साइबर अपराधी हमारे आसपास ही सक्रिय रहते हैं, इसलिए किसी को भी अपने बैंक खाते या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। उन्होंने साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर समय रहते शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने गीत-संगीत व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समां बांध दिया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. बबीता सिंह ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन बीए चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा नजमा ने किया।
कार्यक्रम में डॉ. संजीव सिंह, मारकंडे दुबे, विनोद सिंह, कमलेश कुमार, लव तिवारी सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
