वायरल
सड़क हादसे में यूपी विधानसभा के विशेष सचिव की मौत, बेटा घायल
पैतृक गांव में मातम, अंतिम संस्कार अयोध्या में हुआ
लखनऊ-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में विधानसभा के विशेष सचिव बृजभूषण दुबे का निधन हो गया, जबकि उनके पुत्र कृष्णा उर्फ राजा दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे का कारण ओवरटेकिंग बताया जा रहा है। घटना रात लगभग डेढ़ बजे बाराबंकी जिले के पटरंगा में गनौली कट के पास हुई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की।
डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंची कार
प्रभारी निरीक्षक शशिकांत यादव के अनुसार, 52 वर्षीय बृजभूषण दुबे मूल रूप से बस्ती जिले के पैकोलिया के सुरेखा खास गांव के निवासी थे। गुरुवार रात वह अपने पुत्र राजा के साथ बस्ती से लखनऊ लौट रहे थे। कार उनके पुत्र राजा चला रहे थे। गनौली कट के पास ओवरटेक करने के दौरान कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में जा पहुंची। इसी बीच सामने से आ रहे ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मौके पर ही विशेष सचिव की मौत, पुत्र अस्पताल में भर्ती
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल विशेष सचिव और उनके पुत्र को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बृजभूषण दुबे की मृत्यु हो चुकी थी। पुत्र राजा दुबे का इलाज जारी है। घटना के बाद स्वजनों को सूचित कर दिया गया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पैतृक गांव में मातम, अंतिम संस्कार अयोध्या में हुआ
शुक्रवार सुबह बृजभूषण दुबे का शव गांव पहुंचते ही मातम पसर गया। परिजन और गांववालों में शोक की लहर दौड़ गई। दिवंगत बृजभूषण दुबे अपने पीछे पत्नी शैल कुमारी, पुत्र राजा, प्रीतम और श्याम दुबे, और पुत्रियाँ ज्योत्सना व मोहनी दुबे समेत भरापूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका अंतिम संस्कार अयोध्या के सरयू नदी किनारे किया गया।
