वाराणसी
श्रद्धालुओं से भरी स्लीपर बस को ट्रक ने मारी टक्कर
वाराणसी। जनपद के बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ रिंग रोड पर बुधवार तड़के एक बेकाबू ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरी एक स्लीपर बस को सामने से टक्कर मार दी। इस टक्कर में बस के केबिन में सो रहा दूसरा ड्राइवर सागर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई, जिन्हें स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षित बाहर निकाला और घायल ड्राइवर को अस्पताल भेजा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद ट्रक डिवाइडर पर चढ़ गया और उसका चालक फरार हो गया। पुलिस अब ड्राइवर की तलाश कर रही है। इस हादसे में किसी अन्य यात्री के घायल होने की सूचना नहीं मिली है। बस चला रहे ड्राइवर अल्ताफ ने बताया कि वे पालनपुर, गुजरात से 50 श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या होते हुए काशी आए थे। वे तीर्थ यात्रियों को दर्शन कराते हैं। अल्ताफ ने बताया कि वे 17 दिसंबर को पालनपुर से पुष्कर के लिए रवाना हुए थे और वहां से जयपुर, मथुरा, दिल्ली, हरिद्वार होते हुए वाराणसी पहुंचे थे।
हरहुआ रिंग रोड चौराहे पर दुर्घटना हुई, जब एक अनियंत्रित ट्रक दूसरी दिशा से बस में टकरा गया। इस टक्कर में ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस के केबिन में सो रहे ड्राइवर सागर को सिर में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे, जिन्होंने घायल ड्राइवर को अस्पताल पहुंचाया। सागर की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।
