वाराणसी
शुभम जायसवाल के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस की तैयारी
वाराणसी। कोडीन कफ सिरप कांड के मास्टरमाइंड और मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल के खिलाफ शीघ्र ही रेड कार्नर नोटिस जारी किए जाने की तैयारी है। शुभम के विरुद्ध पहले ही लुक आउट नोटिस तथा गैर-जमानती वारंट जारी किया जा चुका है। पुलिस को आशंका है कि वह विदेश में छिपा हुआ है। इसी क्रम में सीबीआई की शाखा के माध्यम से इंटरपोल और गृह मंत्रालय के साथ आवश्यक जानकारियां साझा की गई हैं तथा रेड कार्नर नोटिस जारी करने की अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलते ही उसके विदेश से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
इस संबंध में डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद शुभम जायसवाल के देश छोड़कर दुबई भाग जाने की सूचना मिली है। इसी आधार पर इंटरपोल के माध्यम से कार्रवाई की जा रही है। गृह मंत्रालय से स्वीकृति प्राप्त होते ही उसके खिलाफ रेड कार्नर नोटिस जारी कर दिया जाएगा, जिसके बाद दुबई पुलिस द्वारा उसे भारत सौंपे जाने की प्रक्रिया शुरू होगी।
उन्होंने बताया कि यूएई में अंतरराष्ट्रीय कानून संधि लागू है, जिसके तहत किसी आरोपी को भारत लाने के लिए कूटनीतिक माध्यमों से कार्रवाई की जाती है। वाराणसी पुलिस के पास शुभम के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं। लुक आउट नोटिस जारी होने के साथ ही न्यायालय में चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है, जिससे उसके भारत प्रत्यर्पण में किसी प्रकार की बाधा आने की संभावना नहीं है। फिलहाल गृह मंत्रालय की अनुमति का इंतजार किया जा रहा है।
डीसीपी ने यह भी बताया कि शुभम जायसवाल ने कोडीन कफ सिरप के अवैध कारोबार से लगभग 2000 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की है। ड्रग्स एवं औषधि विभाग, एसआईटी तथा एसटीएफ की संयुक्त जांच में सामने आया है कि उसका नेटवर्क गाजियाबाद, कानपुर, त्रिपुरा, पूर्वांचल और झारखंड तक फैला हुआ था। यह नेटवर्क बांग्लादेश तक कोडीन कफ सिरप की आपूर्ति करता था। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि कई फर्जी फर्में संचालित की जा रही थीं, जिनके नाम से केवल बिल बनाए जाते थे और वास्तव में वहां कभी माल की आपूर्ति नहीं की जाती थी।
