वाराणसी
शिवपुर रामलीला में हुआ केवट प्रसंग का मार्मिक मंचन
शिवपुर (वाराणसी)। अतिप्राचीन एवं प्रसिद्ध शिवपुर रामलीला में शुक्रवार को प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण जी के साथ सरयू नदी पार कराने की केवट प्रसंग की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया।

रामलीला मैदान से सटे रामभट्ट तालाब में इस प्रसंग का मंचन हुआ, जहाँ भक्तराज केवट ने प्रभु श्रीराम से चरण पखारने के बाद अपनी नाव में बैठाकर नदी पार कराई। मंचन में दर्शाया गया कि केवट ने प्रभु से विनम्रतापूर्वक कहा कि आपके चरण कमलों की धूल से शिला नारी बन गई थी, इसलिए पहले मैं आपके चरण पखारूँगा, तभी आपको अपनी नाव में बैठाऊँगा। इसके बाद उन्होंने कठौती में गंगा जल लाकर प्रभु के चरण धोए और परिवार सहित उस चरणामृत को ग्रहण किया।


नदी पार कराने के उपरांत जब माता सीता ने पार उतराई के रूप में अंगूठी देने की कोशिश की तो केवट ने लेने से इंकार कर दिया और कहा कि मेरे लिए यही सबसे बड़ा सौभाग्य है कि प्रभु मेरी नाव में बैठे।
लीला के आगे के भाग का मंचन शिवपुर थाना परिसर में किया गया, जिसे भारद्वाज ऋषि के आश्रम के रूप में दर्शाया गया। इस भावपूर्ण प्रसंग को देखकर रामभक्तों की आंखें नम हो उठीं और पूरा रामलीला मैदान भक्तिमय हो गया।
