वाराणसी
शिकायत के बाद भी नहीं मिला पैसा, एसीपी क्राइम के निर्देश पर मुकदमा दर्ज
वाराणसी। जनपद के चौबेपुर क्षेत्र में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। बर्थरा खुर्द निवासी सुनील यादव के एचडीएफसी बैंक खाते से अज्ञात साइबर अपराधियों ने 1 लाख 51 हजार रुपये की राशि निकाल ली। पीड़ित द्वारा जन शिकायत प्रकोष्ठ (आ.सं. 1260/25) में शिकायत दर्ज करने के बाद एसीपी क्राइम के निर्देश पर चौबेपुर पुलिस ने मुकदमा कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित सुनील यादव ने बताया कि उनका खाता एचडीएफसी बैंक की चौबेपुर शाखा में है। 18 अक्टूबर 2025 को अज्ञात व्यक्ति ने उनके खाते को हैक कर धनराशि निकाल ली, जिसकी जानकारी उन्हें काफी देर बाद हुई। उन्होंने बैंक और पुलिस विभाग को शिकायत दी थी, लेकिन धन वापस नहीं मिला।
पुलिस के अनुसार, एसीपी क्राइम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए। चौबेपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि साइबर ठगों का पता लगाने के लिए तकनीकी टीम की सहायता ली जा रही है और जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा किया जाएगा।
लगातार बढ़ रहे साइबर अपराधों को देखते हुए पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपनी निजी जानकारी, बैंक विवरण अथवा ओटीपी अनजान व्यक्तियों के साथ साझा न करें और किसी भी संदिग्ध कॉल या लिंक पर विश्वास न करें। उन्होंने नागरिकों को सलाह दी कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।
