बड़ी खबरें
विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन
डीजीसीए ने की हादसे की पुष्टि, तकनीकी कारणों की जांच शुरू, कोई भी यात्री नहीं बचा
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता अजित पवार का बुधवार सुबह एक विमान हादसे में निधन हो गया। यह दुर्घटना पुणे जिले के बारामती एयरपोर्ट पर उस समय हुई, जब मुंबई से बारामती आ रहा एक प्राइवेट चार्टर्ड विमान लैंडिंग की कोशिश कर रहा था। हादसे में विमान में सवार कुल पांच लोगों की मौत हो गई। घटना सुबह करीब 8.45 बजे की बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद विमान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अजित पवार (Ajit Pawar) चुनाव प्रचार और स्थानीय बैठकों में शामिल होने के लिए अपने गृहनगर बारामती जा रहे थे। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार के मुताबिक, विमान बारामती एयरपोर्ट पर दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश कर रहा था, तभी रनवे से भटककर वह एयरस्ट्रिप से सटे इलाके में गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लैंडिंग के दौरान विमान का संतुलन बिगड़ा और जमीन से टकराते ही कई धमाकों के साथ वह आग का गोला बन गया।

नागर विमानन महानिदेशालय ने बताया कि यह विमान लियरजेट 45 श्रेणी का था, जिसका रजिस्ट्रेशन VT-SSK था और इसे वीएसआर कंपनी ऑपरेट कर रही थी। डीजीसीए के अनुसार, दूसरी बार लैंडिंग के प्रयास के दौरान तकनीकी गड़बड़ी सामने आई, जिसके बाद विमान में आग लग गई और कोई भी यात्री या क्रू सदस्य जीवित नहीं बच सका। हादसे में अजित पवार के अलावा उनके पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर, एक निजी सहायक तथा पायलट-इन-कमांड और फर्स्ट ऑफिसर की मौत हुई है। अधिकारियों ने मृतकों के रूप में विदिप जाधव, पिंकी माली, सुमित कपूर और सांभवी पाठक के नामों की पुष्टि की है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। बारामती के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और तकनीकी पहलुओं की विस्तृत पड़ताल के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। विमान दुर्घटना के बाद इलाके में धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया।
अजित पवार के निधन की खबर फैलते ही देशभर में शोक की लहर दौड़ गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं। प्रधानमंत्री ने कहा कि अजित पवार एक जमीनी नेता थे, जिनका महाराष्ट्र के लोगों से गहरा जुड़ाव था और उनका असमय निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है।
उधर, एनसीपी के वरिष्ठ नेताओं और परिजनों के दिल्ली से बारामती रवाना होने की जानकारी भी सामने आई है। समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भीड़ अस्पताल और दुर्घटनास्थल पर जुटने लगी है। इस हादसे ने न केवल महाराष्ट्र बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में भी गहरी शून्यता छोड़ दी है।
