गोरखपुर
विकसित भारत युवा संसद : एनएसएस के 10 स्वयंसेवक चयनित
गोरखपुर। विकसित भारत युवा संसद 2026 के अंतर्गत “आपातकाल के 50 वर्ष : भारतीय लोकतंत्र के लिए सीख” विषय पर महायोगी गोरक्षनाथ विश्वविद्यालय, गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम में कुल 10 प्रतिभागियों का चयन किया गया है। इनमें राष्ट्रीय सेवा योजना, दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के आठ स्वयंसेवक/स्वयंसेविकाएँ मानसी सिंह, रघुवीर गुप्ता, मोहन गुप्ता, आशीष कुमार, जागृति तिवारी, महिमा मौर्य, शशिकांत तिवारी एवं ओंकार तिवारी शामिल हैं। चयनित आठों प्रतिभागी आगामी माह में उत्तर प्रदेश विधानसभा में आयोजित विकसित भारत युवा संवाद प्रतियोगिता में जनपद गोरखपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इसके अतिरिक्त दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के दो स्वयंसेवक कृष्णानंद जायसवाल एवं नवनीत पाण्डेय का भी विकसित भारत युवा संसद 2026 हेतु चयन हुआ है। ये दोनों प्रतिभागी अपने गृह जनपद कुशीनगर से राष्ट्रीय सेवा योजना, दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के क्षेत्रीय निदेशक समरदीप सक्सेना तथा युवा अधिकारी श्री राजेश तिवारी बतौर अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के पश्चात दोनों अधिकारियों ने दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, गोरखपुर के राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. सत्यपाल सिंह से बैठक के दौरान चयन की जानकारी साझा की। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कुशल संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा प्रतिभागियों को मार्गदर्शन प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
उल्लेखनीय है कि यह प्रतियोगिता दो चरणों में संपन्न हुई। प्रथम चरण में चयन प्रक्रिया महाविद्यालय स्तर पर आयोजित की गई, जबकि द्वितीय चरण गोरखपुर जनपद स्तर पर महायोगी गोरक्षनाथ विश्वविद्यालय, गोरखपुर में संपन्न हुआ। वहीं कुशीनगर जनपद के लिए यह प्रतियोगिता बुद्ध स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कुशीनगर में आयोजित की गई थी।
