Connect with us

वाराणसी

वाराणसी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र के पूरबपुर पोखरे के पास रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब पुलिस और एसओजी टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की थी, जिसके दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने की कोशिश की गई। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे और पीछा कर रही टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे दोनों बदमाश घायल हो गए।

पुलिस ने दोनों बदमाशों की पहचान गोलू उर्फ आशीष यादव, निवासी लठवा, थाना चौबेपुर और विकास यादव, निवासी घोघवा रामपुर, थाना खानपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में की है। दोनों को इलाज के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनके पास से दो तमंचे और कुछ कारतूस बरामद हुए हैं।

डीसीपी गोमती प्रमोद कुमार ने बताया कि 9 मार्च को अहरक पश्चिमपुर गांव में सर्राफा कारोबारी विकास (24) और उनके पिता सियाराम (43) से गोली चलाकर 22 हजार रुपये नकद और चांदी के आभूषण लूट लिए गए थे। पुलिस जांच में गोलू और विकास की संलिप्तता सामने आई थी, तभी से उनकी तलाश की जा रही थी।

घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी गोमती प्रमोद कुमार, एडीसीपी गोमती सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है तथा बदमाशों से पूछताछ जारी है।

Advertisement

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद से पूरे इलाके में गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है। साथ ही, मुठभेड़ स्थल के आसपास के क्षेत्रों में भी सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर तुरंत रोक लगाई जा सके।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page