वाराणसी
लिफ्ट का वायर टूटने से युवक की मौत, एक घायल
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के पाण्डेय हवेली स्थित रेबड़ी तालाब इलाके में बीती शाम एक दर्दनाक हादसे ने खुशी का माहौल मातम में बदल दिया। जामिया हमीदिया रिजविया मदरसे में लिफ्ट का वायर टूटने से लिफ्ट अचानक नीचे गिर गई, जिससे उसमें सवार 22 वर्षीय आसिफ आदिल की मौत हो गई, जबकि 20 वर्षीय हसनैन रजा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवक का इलाज बीएचयू के ट्रामा सेंटर में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, चार मंजिला मदरसे के कम्युनिटी हाल में रिश्ते की बातचीत के सिलसिले में लोग एकत्रित हुए थे। इसी दौरान मदनपुरा निवासी आसिफ आदिल और हसनैन रजा लिफ्ट से नीचे आ रहे थे, तभी अचानक लिफ्ट टूटकर गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही रेवड़ी तालाब पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने आसिफ आदिल को मृत घोषित कर दिया।
एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि चौकी प्रभारी शिवम श्रीवास्तव की तत्परता से गोल्डन आवर में उपचार शुरू कराया जा सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद मदरसे में मौजूद लोगों में शोक का माहौल व्याप्त हो गया। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख जताया है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, जिससे स्पष्ट हो सके कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।
