वाराणसी
लिटिल फ्लावर स्कूल में कला और शिल्प प्रदर्शनी में बच्चों ने दिखाया अद्भुत हुनर
मऊ। निजामुद्दीनपुरा स्थित लिटिल फ्लावर चिल्ड्रन स्कूल में भव्य कला एवं शिल्प प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी अद्भुत रचनात्मकता और कल्पनाशक्ति का शानदार प्रदर्शन किया।
स्कूल के होनहार बच्चों ने रंगोली, पोस्टर पेंटिंग्स, कैलिग्राफी, मिट्टी कला और हस्तशिल्प के जरिए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया, जिसे देखने आए अभिभावकों और अतिथियों ने खूब सराहा।
बच्चों की रचनात्मकता और मेहनत उनकी हर कृति में साफ झलक रही थी, जिससे स्कूल का पूरा वातावरण कला और सृजनशीलता के रंगों से सराबोर हो गया। विद्यार्थियों ने अपनी कला के माध्यम से राष्ट्रीय प्रतीक अशोक स्तंभ, राष्ट्रीय पक्षी मोर, राष्ट्रीय पशु शेर, राष्ट्रीय फूल कमल, राष्ट्रीय फल आम और राष्ट्रीय वृक्ष बरगद को बेहद सुंदरता से उकेरकर भारत की सांस्कृतिक पहचान को जीवंत कर दिया।
इस प्रदर्शनी में विज्ञान और तकनीकी से जुड़े वर्किंग मॉडल्स भी आकर्षण का केंद्र रहे, जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स ने दर्शकों को खासा प्रभावित किया।
बच्चों द्वारा तैयार की गई चंद्रयान-3 की रंगोली ने प्रदर्शनी में सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी, जिसमें चंद्रयान के साथ ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा और मनु भाकर को भी चित्रित किया गया, जो विज्ञान और खेल के अद्भुत मेल को दर्शाता था।
इसके अलावा अयोध्या के भव्य राम मंदिर का मॉडल भी बच्चों ने अत्यंत खूबसूरती से तैयार किया, जिसने प्रदर्शनी में चार चांद लगा दिए। बच्चों की इन कलाकृतियों और परियोजनाओं ने न केवल उनकी रचनात्मक सोच को दर्शाया, बल्कि समाज, संस्कृति और आधुनिक विज्ञान के प्रति उनकी जागरूकता का भी परिचय दिया।
इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष अरशद जमाल ने बच्चों के हुनर की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि यही नन्हें कलाकार आगे चलकर देश की दिशा और दशा तय करेंगे।
एलएफसीएस किड़िहिरापुर के प्रबंधक गिरधर यादव और एलएफसीएस कासिमाबाद के प्रबंधक रामलखन यादव ने भी बच्चों की सृजनात्मकता को खूब सराहा और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। आजाद हिंद इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य महेंद्र यादव ने भी बच्चों की मेहनत, कल्पनाशक्ति और उनकी कला की प्रशंसा की और उन्हें इसी तरह आगे बढ़ते रहने की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के उपनिदेशक मुरारीलाल केडिया ने बच्चों की प्रस्तुतियों को उनकी सकारात्मक सोच और रचनात्मकता का परिणाम बताते हुए कहा कि लिटिल फ्लावर चिल्ड्रन स्कूल बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ उनकी प्रतिभा निखारने और रचनात्मक मंच प्रदान करने के लिए सदैव तत्पर है।
प्रधानाचार्या सरिता केडिया ने भी सभी अभिभावकों, अतिथियों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों के जरिए बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर देता रहेगा, जिससे उनकी कल्पनाशक्ति और रचनात्मकता को नई उड़ान मिलेगी।
इस कला एवं शिल्प प्रदर्शनी ने न सिर्फ बच्चों को अपनी कला और विचार प्रस्तुत करने का मंच दिया, बल्कि अभिभावकों और समाज को भी बच्चों की अद्भुत प्रतिभा से रूबरू कराया। प्रदर्शनी में आए सभी आगंतुकों ने बच्चों की प्रतिभा की खुले दिल से तारीफ की और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।