वाराणसी
रोहनिया विधायक ने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का किया शिलान्यास
डोमरी और सुजाबाद के 3941 घरों को मिलेगा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का लाभ
रामनगर (वाराणसी)। रोहनिया क्षेत्र के विधायक डॉ. सुनील पटेल ने रविवार को अमृत योजना 2.0 के तहत वार्ड संख्या 48 डोमरी सुजाबाद क्षेत्र में 54 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और मेन पंपिंग स्टेशन का शिलान्यास किया। इस अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
विधायक डॉ. सुनील पटेल ने कहा कि यह ट्रीटमेंट प्लांट चालू होने के बाद क्षेत्र में गंदे पानी को गंगा और अन्य जलस्रोतों में गिराने से मुक्ति मिलेगी। ट्रीटमेंट के बाद साफ किए गए पानी को गंगा नदी में प्रवाहित किया जाएगा। इस परियोजना से डोमरी और सुजाबाद क्षेत्र के 3941 घरों को सीवरेज की सुविधा मिलेगी।

18 महीने में पूरा होगा निर्माण कार्य
सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कार्य 4 नवंबर 2024 से मेसर्स नंद एंड संस द्वारा शुरू किया गया है। परियोजना को 18 महीनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य है। इस कार्य के तहत कुल 26 किलोमीटर लंबाई में छोटी-बड़ी सीवरेज पाइपलाइनों को बिछाया जाएगा। प्रारंभ में बड़ी पाइपलाइनों को डाला जा रहा है, जिनकी ग्रेविटी कम होने के कारण मेन पंपिंग स्टेशन (एमपीएस) के माध्यम से गंदे पानी को उठाकर ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) तक ले जाया जाएगा।

7 लाख लीटर क्षमता वाले पंपिंग स्टेशन का शिलान्यास
विधायक ने डोमरी गांव के पास गंगा किनारे बनने वाले एसटीपी और 7 लाख लीटर क्षमता वाले मेन पंपिंग स्टेशन का भी शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि डोमरी क्षेत्र के लिए अलग कार्य योजना बनाकर भेजी गई है, जिसकी स्वीकृति मिलते ही वहां का कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा।
कार्यक्रम में अधिशासी अभियंता कमल सिंह, पार्षद श्रीप्रकाश मल्लू पटेल, पूर्व प्रधान छोटे लाल, नत्थू पटेल, लोचन विश्वकर्मा, राकेश पासवान, जफर सिद्दीकी, सचिन रावत, अशोक सिंह राणा और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। शिलान्यास के बाद विधायक का स्वागत करते हुए उन्हें मोमेंटो भेंट किया गया।
