Connect with us

वाराणसी

महिला सहित दो लोगों की मौत

Published

on

वाराणसी। जिले में शुक्रवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना बड़ागांव थाना क्षेत्र के कोईराजपुर गांव स्थित रिंग रोड फेज-2 पर हुई। 45 वर्षीय शांति देवी पत्नी फूलचंद पाल अपने बड़े बेटे अभिषेक, छोटे बेटे रोहन और 6 वर्षीय नाती रौनक के साथ अपाचे बाइक पर फूलपुर थाना क्षेत्र के करखियाव जा रही थीं।

घटना के अनुसार, जैसे ही वे रिंग रोड फेज-2 से गुजर रहे थे, सड़क पर पड़े गड्ढे के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान शांति देवी सड़क पर गिर गईं और पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। घटना स्थल पर ही महिला की मौत हो गई। ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि ट्रक और चालक की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

दूसरी घटना पांडेयपुर में हुई। यहां ओवरब्रिज से गिरने के कारण युवक सुषोभित कुमार पांडेय की इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, 6 अगस्त की शाम ड्यूटी से घर लौट रहे सुषोभित अनजान वाहन की टक्कर से संतुलन खो बैठा और ओवरब्रिज से नीचे गिर गया।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल को दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर न्यूरोसिटी पहड़िया रेफर कर दिया गया। लगभग एक सप्ताह तक इलाज के बाद 13 अगस्त की सुबह सुषोभित की मौत हो गई। पिता अरविंद पांडेय की तहरीर पर कैंट थाना में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page