मऊ
महाशिवरात्रि पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस तैनात
मऊ। महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर दोहरीघाट थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, मंदिर समिति के पदाधिकारी, ग्राम प्रधान और व्यापारी संघ के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए थाना प्रभारी प्रमेंद्र सिंह ने कहा कि यह पर्व श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है, जिसे पूर्ण धार्मिक मर्यादा और सौहार्द के साथ मनाया जाना चाहिए।उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि नई परंपराएं न शुरू करें, बल्कि पूर्व से चली आ रही परंपराओं का पालन करें, जिससे सामाजिक समरसता बनी रहे।
शिवरात्रि के अवसर पर शिव बारात, जलाभिषेक और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती होगी और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार रहेगा।
बैठक में मौजूद नागरिकों ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए और प्रशासन को सहयोग देने का आश्वासन दिया। थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें। बैठक में उपनिरीक्षक महादेव गुप्ता, दीप नारायण, गुलाब चंद्र गुप्ता, शिवकुमार जायसवाल, श्याम पांडे, बबलू पांडे समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
