सियासत
महायुति की 186 सीटों पर नाम तय, 102 पर चर्चा
मुंबई। भाजपा गठबंधन वाली महायुति में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 186 सीटों पर नाम लगभग तय हो गया है। 102 सीटों पर बातचीत चल रही है। शिंदे सेना के एक कैबिनेट मंत्री ने दावा किया कि, महायुति में सीट शेयरिंग का फॉर्म्यूला लगभग तय हो गया है। अगले सप्ताह बीजेपी नेता अमित शाह महाराष्ट्र दौरे पर आ रहे हैं। शाह के साथ बैठक के बाद सीट शेयरिंग फाइनल हो जाएगी। संभव है जल्द तीनों दल उम्मीदवारों की पहली लिस्ट भी जारी कर दें।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की घोषणा अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में हो सकती है। महायुति में शिंदे सेना, अजित पवार की एनसीपी और बीजेपी सहित अन्य दल हैं। मुख्यमंत्री आवास ‘वर्षा’ पर सीएम एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार बैठकें कर रहे हैं, लेकिन मीडिया को जानकारी देने से बच रहे हैं।

जानकारों का कहना है कि तीनों दलों ने फाइनल किया है कि जिसके विधायक जहां हैं, वह सीट उस पार्टी के पास ही रहेगी। मुंबई की चंद सीटों की अदला-बदली संभव है। महाराष्ट्र विधानसभा में बीजेपी के 103, शिंदे सेना के 40 और अजित पवार की एनसीपी के 41 विधायक हैं। भारतीय जनता पार्टी दावा कर रही है कि उसके पास कुछ निर्दलीय व छोटे दलों के भी विधायक हैं इसलिए वे सीटें उनके खाते में आनी चाहिए।
