अपराध
मनबढ़ों ने तीन युवकों पर चाकू से किया ताबड़तोड़ वार, दो की हालत गंभीर
आजमगढ़ के अतरौलिया थाना क्षेत्र के खानपुर रना गांव में शुक्रवार रात एक मनबढ़ युवक ने मेला देखकर लौट रहे तीन युवकों पर चाकू से हमला कर दिया जिससे वे घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब अतरौलिया बाजार के निवासी 20 वर्षीय आकाश अपने साथी दीपक और अमित के साथ मेला देखकर घर लौट रहे थे। रात करीब 11:30 बजे, पूरब पोखरा के पास बैठे तीन-चार युवकों ने अचानक उन्हें गाली देते हुए हमला कर दिया। हमले में आकाश को गर्दन और सीने पर गंभीर चोटें आईं। जबकि दीपक और अमित भी घायल हो गए।
पुलिस को पीड़ित के चाचा द्वारा घटना की तहरीर दी गई, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच तेज कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
