पूर्वांचल
मगहर नगर पंचायत में नव-मनोनित सभासदों ने ली शपथ
संतकबीरनगर। खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगर पंचायत मगहर में नव-मनोनित सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक अंकुर राज तिवारी उपस्थित रहे। समारोह में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति देखने को मिली।
मुख्य अतिथि विधायक अंकुर राज तिवारी ने नव-मनोनित सभासद अरुण गुप्ता, गौरव निषाद एवं सुनीता यादव को उनके नए दायित्वों के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सभी सभासद नगर के विकास और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरें।
इस अवसर पर एसडीएम सदर अरुण कुमार, जिला उपाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र मिश्रा, नगर पंचायत अध्यक्ष अनवरी बेगम, चेयरमैन प्रतिनिधि नुरुज्जमा अंसारी एवं अधिशासी अधिकारी वैभव सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
