वाराणसी
भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष को जान से मारने की धमकी, पुलिस ने शुरू की जांच
वाराणसी। काशी जोन के पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में एक भाजपा नेता को सोशल मीडिया पर लगातार मिल रही गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियों से भय का माहौल उत्पन्न हो गया है। इस संबंध में सिगरा निवासी रजत जायसवाल पुलिस उपायुक्त, काशी जोन को प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा की मांग की है।
प्रार्थी रजत जायसवाल, जो वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष हैं, उन्होंने बताया कि उन्होंने 16 मार्च 2026 को कोतवाली थाने में एक मुकदमा दर्ज कराया था।
इसके बाद से उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अपशब्द कहे जा रहे हैं और जान से मारने की धमकी दी जा रही है।प्रार्थी के अनुसार, इस घटना से वह और उनका परिवार काफी भयभीत हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि उनके साथ किसी भी समय अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस क्षेत्र में वह रहते हैं, वहां की परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें अपने साथ किसी प्रकार की भीड़ हिंसा की आशंका भी सता रही है।
रजत जायसवाल ने पुलिस प्रशासन से तत्काल मामले को संज्ञान में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा उनके और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।मामले में पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक शिवम को सौंपी गई है, जो प्रकरण की पड़ताल में जुट गए हैं।
