वाराणसी
भाजपा पार्षद पर धमकी और अभद्रता का आरोप, केस दर्ज
ऑडियो क्लिप के आधार पर पुलिस की जांच शुरू
वाराणसी। जिले के सारनाथ थाना क्षेत्र में वार्ड नंबर-5 सालारपुर के भाजपा पार्षद हनुमान प्रसाद सोनकर के खिलाफ फोन पर गाली-गलौज करने और घर आकर मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई शिवपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा आईटी सेल के पदाधिकारी दीपक कुमार की तहरीर पर की गई है। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी है और शिकायतकर्ता द्वारा उपलब्ध कराई गई ऑडियो क्लिप को भी साक्ष्य के रूप में लिया गया है।
शिकायतकर्ता दीपक गुप्ता के अनुसार, 16 मार्च की शाम पार्षद हनुमान प्रसाद सोनकर ने उन्हें फोन किया और बिना किसी कारण के अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गालियां दीं। विरोध करने पर आरोप है कि पार्षद ने घर में घुसकर मारपीट करने की धमकी दी और कहा कि उनका कुछ नहीं बिगाड़ा जा सकता। घटना की जानकारी उन्होंने आईटी सेल के अन्य पदाधिकारियों को भी दी।
दीपक गुप्ता ने बताया कि मामला पार्टी से जुड़ा होने के कारण पहले इसे संगठन स्तर पर सुलझाने का प्रयास किया गया, लेकिन समाधान न निकलने पर बीती शाम थाने में तहरीर दी गई, जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। उन्होंने एक ऑडियो क्लिप भी पुलिस को सौंपी है।
थानाध्यक्ष सारनाथ पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच के बाद बीएनएस की धारा 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा ऑडियो क्लिप की जांच की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
