पूर्वांचल
भाजपा नेता के बेटे ने पाकिस्तानी लड़की से ऑनलाइन रचाई शादी
जौनपुर में भाजपा नेता तहसीन शाहिद के बेटे मोहम्मद अब्बास हैदर की शादी पाकिस्तानी लड़की अंदलीप जहरा के साथ ऑनलाइन माध्यम से संपन्न हुई। शुक्रवार रात को हुए इस निकाह में दूल्हा पक्ष जौनपुर से और दुल्हन पक्ष लाहौर से शामिल हुए। वीडियो कॉल के जरिए इस्लामी परंपरा के तहत निकाह संपन्न हुआ, जिसमें दोनों ने “कबूल है” कहते हुए एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया।
एक साल पहले, भाजपा नेता ने पाकिस्तान में बसे अपने रिश्तेदार सैय्यद अली जैदी की बेटी अंदलीप के साथ अपने बेटे की शादी तय की थी। योजना के अनुसार बारात पाकिस्तान जाने वाली थी, लेकिन वीजा नहीं मिलने के कारण तारीख को बार-बार टालना पड़ा। इसी बीच लड़की की मां की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें लाहौर के एक अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उनकी इच्छा थी कि उनकी उपस्थिति में ही उनकी बेटी का निकाह हो जाए इसलिए दोनों परिवारों ने मिलकर ऑनलाइन निकाह का निर्णय लिया।

शादी के आयोजन में कोई कमी नहीं छोड़ी गई। जौनपुर के मखदूमशाह इलाके में 100 से अधिक बारातियों के साथ इमामबाड़ा कल्लू मरहूम में विवाह की रस्में अदा की गईं। निकाहनामा मौलाना महफूजूल हसन खान द्वारा पढ़वाया गया और वीडियो कॉल के जरिए दुल्हन ने निकाहनामा कबूल किया। शिया धर्मगुरु मौलाना महफूजुल हसन खान के ने बताया कि, इस्लामी परंपरा के तहत लड़की की अनुमति अनिवार्य होती है।
निकाह के बाद दूल्हे मोहम्मद अब्बास हैदर ने भारतीय सरकार से दुल्हन के वीजा को जल्द जारी करने की अपील की ताकि उनकी विदाई के बाद वह भारत आ सकें।
