वाराणसी
बीएचयू अस्पताल में बढ़ी मरीजों की दुश्वारियां, सातवें दिन भी डॉक्टर्स की हड़ताल जारी
वाराणसी। बीएचयू में रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल सातवें दिन भी जारी रही। डॉक्टरों की हड़ताल के चलते मरीजों की दुश्वारियां भी बढ़ती जा रही हैं। हड़ताल के सातवें दिन सोमवार को ओपीडी तो खुली, लेकिन आधे से अधिक विभागों में कंसल्टेंट नहीं पहुंचे। इधर, सोमवार को केवल आठ ऑपरेशन ही हो सके। वहीं, 29 मरीजों को भर्ती किया गया। दूरदराज से आने वाले मरीजों को बिना इलाज लौटना पड़ा। अस्पताल परिसर में सामान्य दिनों के मुकाबले कम मरीज दिखे।
IMS बीएचयू के रेजिडेंट्स ओपीडी और वार्ड में सेवाएं नहीं दे रहे हैं। इमरजेंसी में सेवा देने की बात तो हर दिन कह रहे हैं, लेकिन सोमवार की दोपहर में बीएचयू और ट्रॉमा सेंटर की इमरजेंसी में भी इक्का-दुक्का ही रेजिडेंट नजर आए। समय से डॉक्टरों के न देखने की वजह से इमरजेंसी में भी डॉक्टरों से परामर्श लेने वाले मरीजों की संख्या कम हो गई है। दूर-दराज से आने वाले लोग भी अब बीएचयू में दिखाने से कतरा रहे हैं।
कोलकाता की घटना के विरोध में मंगलवार को सामूहिक विरोध मार्च निकाला जाएगा। इसमें आईएमएस के साथ ही अन्य अस्पतालों, मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट के साथ ही डॉक्टर, अधिवक्ता, समाजसेवी सहित अन्य लोग शामिल होंगे। शहीद उद्यान से शाम छह बजे निकलने वाली रैली आईपी मॉल चौराहा होते हुए भारत माता मंदिर तक जाएगी। यहां महिला डॉक्टर को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
