Connect with us

गाजीपुर

बिजली विभाग की लापरवाही से अधेड़ की मौत पर बवाल, उपकेंद्र में तोड़फोड़

Published

on

गाजीपुर। शादियाबाद थाना क्षेत्र के दौलतनगर में बुधवार को लटके हाईटेंशन तार की चपेट में आकर एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव को सादात उपकेंद्र के सामने रखकर चक्काजाम कर दिया। भीड़ ने उपकेंद्र में घुसकर तोड़फोड़ की और कर्मचारियों को लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया।

दौलतनगर निवासी 50 वर्षीय रामसूरत पाल सुबह करीब 11 बजे खेत में बकरी चरा रहे थे। इसी दौरान जर्जर होकर काफी नीचे लटक रहे हाईटेंशन तार से उनका संपर्क हो गया, जिससे वे मौके पर ही झुलसकर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई और उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि तार की खतरनाक स्थिति की शिकायत पहले ही जेई मनोज पटेल से की गई थी, लेकिन मरम्मत नहीं कराई गई। आरोप है कि विभाग की जानबूझकर की गई लापरवाही से यह हादसा हुआ।

Advertisement

मौत की सूचना पर परिजन और ग्रामीण शव को लेकर सादात उपकेंद्र पहुंचे और सड़क जाम कर दिया। नारेबाजी करते हुए भीड़ उपकेंद्र का गेट फांदकर अंदर घुसी और तीन मोटरसाइकिलों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान एसएसओ संदीप कुमार, सहायक एसएसओ राकेश यादव और फिरोज खान को बुरी तरह पीटा गया। घायलों को अस्पताल भेजा गया।

घटना की जानकारी मिलते ही शादियाबाद एसओ श्यामजी यादव और सादात एसओ वागीश विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में भुड़कुड़ा सीओ सुधाकर पांडेय और जखनियां एसडीएम रविश कुमार गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को सरकारी मुआवजे और एफआईआर दर्ज करने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उधर, उपकेंद्र में तोड़फोड़ और कर्मचारियों पर हमले की सूचना पर ट्रांसमिशन के अधिशासी अभियंता राहुल शर्मा, सैदपुर के अधिशासी अभियंता बृजेश कुमार और विद्युत मजदूर पंचायत ट्रांसमिशन के जिलाध्यक्ष सुनील कुशवाहा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

Advertisement

घटना के चलते सुबह साढ़े 11 बजे से शाम पांच बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रही, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page