चन्दौली
बिजली की अनियमित कटौती से लोगों में आक्रोश
सकलडीहा (चंदौली)। ग्रामीण उपकेंद्र से संचालित गांवों में बिजली की भीषण कटौती से लोगों का जन-जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। वहीं, गर्मी में राहत देने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शो-पीस बने हुए हैं। लोगों में इस दुर्व्यवस्था को लेकर गहरी नाराजगी है। ग्रामीणों ने चेताया कि बिजली व्यवस्था जल्द नहीं सुधरी तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
आपको बता दें, सकलडीहा ग्रामीण उपकेंद्र से पाँच फीडर—नोनार, कुछमन, कमालपुर, चहनिया और सकलडीहा सेकेंड—संचालित हैं। इन फीडरों से सैकड़ों गांवों की लाखों की आबादी को बिजली दी जाती है। लेकिन भीषण गर्मी में बिजली की अनियमित कटौती से लोगों में भारी आक्रोश है।
ग्रामीण क्षेत्रों में जहाँ 18 घंटे बिजली देने का निर्देश है, वहीं इस समय पूरा 12 से 14 घंटे भी लाइट नहीं मिल पा रही। बार-बार ट्रिपिंग और लो वोल्टेज लोगों के लिए काफी मुसीबत बनी है। ऐसे में भीषण गर्मी में लोग हाथ से बने पंखों के सहारे जीवन व्यतीत कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग को तो बिजली बिल समय से चाहिए, लेकिन लोगों की सुविधाओं का ज़रा भी ख्याल नहीं है। चेताया कि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं की गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
