वाराणसी
बाबा कालभैरव से जीत का आशीर्वाद लेकर पुष्य नक्षत्र में नामांकन करेंगे पीएम मोदी
नामांकन को लेकर काशीवासी उत्साहित, मैदागिन से कचहरी तक जनता-जनार्दन करेगी अपने सांसद का दीदार
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी 13 मई को पहुंचने वाले हैं। बीजेपी के कार्यकर्ता और काशीवासी उनका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। पीएम मोदी 13 मई को रोड शो करने के बाद अगले दिन मंगलवार को कचहरी स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। वहीं, पीएम मोदी की सुरक्षा के लिए एसपीजी की एक टीम शुक्रवार को ही वाराणसी पहुंच गई है।
पीएम मोदी के प्रस्तावक पं. गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ के अनुसार, राहुकाल अपराह्न 3:39 बजे से शाम 5:18 बजे तक रहेगा। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, गंगा सप्तमी और भौम पुष्य नक्षत्र का संयोग ग्रहों की स्थिति सर्वोत्तम स्थितियों का निर्माण कर रही हैं। इस दिन कोई भी कार्य करने से अभीष्ट की सिद्धि होती है। मंगलवार को पुष्य नक्षत्र राज सत्ता के संयोग का निर्माण करेगी। पुष्य नक्षत्र में यदि किसी काम को किया जाए तो उसमें सफलता तय मानी जाती है।

आपको बता दें कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 मई की शाम पांच बजे रोड शो करेंगे और इस रोड शो का शुभारंभ बीएचयू स्थित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा से होगा। जबकि इसका समापन गोदौलिया में होगा। रोड़ शो के बाद पीएम मोदी, बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन कर जीत का आशीर्वाद लेंगे।
इसके अगले दिन मंगलवार को पीएम सुबह 10 बजकर 15 मिनट पर काल भैरव के दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद 10 बजकर 45 मिनट पर एनडीए नेताओं के साथ एक बैठक करेंगे और चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे। पीएम 11 बजकर 40 मिनट पर अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इसके बाद 12 बजकर 15 मिनट पर पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करेंगे। फिर पीएम सड़क मार्ग से होते हुए बाबतपुर हवाई अड्डे से चुनाव प्रचार के लिए झारखंड प्रस्थान कर जाएंगे।
