गोरखपुर
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हिंसा को लेकर ‘आप’ का प्रदर्शन, पीएम से मांगा जवाब
गोरखपुर। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के आह्वान पर मुख्यालय के सक्सेना चौक पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व राष्ट्रीय परिषद के सदस्य पशुपतिनाथ गुप्त ने किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल करते हुए बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रही हिंसा और अत्याचार के मुद्दे पर चुप्पी को लेकर जवाब मांगा। वक्ताओं ने कहा कि बांग्लादेश के खिलाफ प्रधानमंत्री आवाज क्यों नहीं उठा रहे हैं। आरोप लगाया गया कि अपने मित्र अदानी के व्यापार को बचाने के लिए प्रधानमंत्री इस विषय पर कुछ नहीं बोल रहे हैं और यदि इसी तरह चुप्पी बनी रही तो उन्हें बोलने के लिए मजबूर किया जाएगा।
नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आरएसएस और भाजपा समर्थित हिंदुवादी संगठनों द्वारा बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ हो रही हिंसा और अत्याचार के मुद्दे को लेकर भारत के मुसलमानों के खिलाफ भड़काने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि देश में हिंदू–मुस्लिम का मुद्दा भड़के, लोग आपस में लड़ें और माहौल खराब हो। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि मंदिर–मस्जिद जैसे मुद्दों को जानबूझकर उछाला जा रहा है, जिससे जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दों बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, बर्बाद होती स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा व्यवस्था, बिजली और पानी से ध्यान भटकाया जा सके और जनता हिंदू–मुस्लिम के नाम पर भाजपा को वोट देती रहे।
उक्त बातें राष्ट्रीय परिषद के सदस्य पशुपतिनाथ गुप्त, जिला महासचिव शिवदयाल यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुड्डू ठाकुर और युवा जिला अध्यक्ष कृष्ण मोहन गुप्ता ने नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए कहीं।
इस अवसर पर बद्री विशाल गुप्ता, कृष्णा कसौधन, नौतनवा विधानसभा अध्यक्ष संजय पांडे, विजय अग्रहरी, सदानंद शर्मा, रियासुद्दीन, उमेश गुप्ता, हरिलाल वर्मा, सिकंदर रौनियार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
