गोरखपुर
बस चालक की लापरवाही बनी जानलेवा, महिला की मौत; दादा-पोता घायल
गोरखपुर। रविवार को मेडिकल कॉलेज रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार को तहस-नहस कर दिया। तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि 28 वर्षीय युवती स्वाति सिंह मौके पर ही सिर फटने से मारी गई। उनके गोद में बैठा एक साल का मासूम बेटा क्रियांश दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
हादसा शाहपुर थाना क्षेत्र के जेमिनी रेजिडेंसी के पास सुबह करीब 10 बजे हुआ। कुशीनगर के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सिसवा शुकुल गांव निवासी रामप्रताप सिंह अपनी बहू स्वाति और पोते क्रियांश को लेकर बाइक से गोरखपुर आ रहे थे। स्वाति बीमार बच्चे का इलाज कराने मेडिकल कॉलेज ले जा रही थी। वह बच्चे को गोद में लेकर बाइक पर पीछे बैठी थी।
पीछे से अचानक तेज रफ्तार में आ रही उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की भीषणता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि स्वाति सिंह सड़क पर सिर के बल गिर पड़ीं और उनके सिर में गहरी चोट आई। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। गोद से छूटा मासूम बच्चा सड़क पर दूर तक जा गिरा। रामप्रताप सिंह भी बुरी तरह घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद की और घायलों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। डॉक्टरों ने स्वाति सिंह को मृत घोषित कर दिया। बच्चे क्रियांश की हालत गंभीर बताई जा रही है। वह अभी भी आईसीयू में जिंदगी-मौत की जंग लड़ रहा है। रामप्रताप सिंह का इलाज चल रहा है।
परिवार पर दोहरी मुसीबत है। स्वाति के पति विदेश में हैं। पति की गैरमौजूदगी में स्वाति अपने ससुर के सहारे बच्चे का इलाज कराने आई थी। अब एक ही झटके में परिवार की मां चली गई और बच्चे की जिंदगी खतरे में है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने बस चालक को तुरंत हिरासत में ले लिया है। शाहपुर थाने में केस दर्ज कर लिया गया है और ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही व तेज रफ्तार का मामला चल रहा है। बस को भी जब्त कर लिया गया है।
