Connect with us

अपराध

बरामदे में सो रही किशोरी की गोली मारकर हत्या, मां ने गांव के युवक पर जताया संदेह

Published

on

Loading...
Loading...

बस्ती। कलवारी थाना क्षेत्र के बैड़ारी एहतमाली गांव के मदरहवा पुरवा में सोमवार की आधी रात उस समय सनसनी फैल गई, जब घर के ओसारे (बरामदे) में सो रही 17 वर्षीय किशोरी अनुष्का की अज्ञात हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा आरोपित की तलाश में एसओजी समेत अन्य टीमें दबिश दे रही हैं।

मृतका की मां अनीता देवी के अनुसार, सोमवार की रात उनकी बेटी अनुष्का और 14 वर्षीय बेटा अनीश घर के बरामदे में एक ही तख्त पर मच्छरदानी लगाकर सो रहे थे। वह स्वयं बाहर जानवरों की देखभाल के लिए लेटी थीं। आधी रात के बाद एक अज्ञात युवक घर में चढ़ आया और सो रही अनुष्का के माथे तथा जबड़े पर असलहा सटाकर दो गोलियां दाग दीं। इसके बाद उसने अनीता देवी पर भी निशाना साधा, लेकिन गोली नहीं चली। शोर मचने पर हमलावर सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल से फरार हो गया। बताया गया कि उसके पीठ पर एक छोटा बैग भी था।

बगल में सो रहे भाई अनीश ने बताया कि गोली की आवाज इतनी तेज थी कि उसके कान सुन्न हो गए और उसे तत्काल समझ नहीं आया कि उसकी बहन को गोली लगी है। जब मां ने एहतियातन अनुष्का को अपने पास बुलाने को कहा और वह नहीं उठी, तब रजाई हटाने पर उसका चेहरा खून से लथपथ दिखाई दिया। एक गोली उसके माथे पर और दूसरी जबड़े में लगी थी। परिजन उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। स्थानीय थाना पुलिस के साथ नगर, दुबौलिया समेत अन्य थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।

मृतका की मां ने गांव के ही एक युवक पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि तीन माह पूर्व उक्त युवक ने उनकी बेटी की आपत्तिजनक फोटो इंटरनेट मीडिया पर वायरल की थी, जिसके संबंध में मुकदमा दर्ज कराया गया था। हाल ही में पीड़िता का न्यायालय में बयान भी हुआ था। अनीता देवी ने आरोप लगाया कि युवक जबरदस्ती शादी और संबंध बनाने का दबाव बना रहा था तथा कई बार धमकी भी दे चुका था।

Advertisement

बताया गया कि अनुष्का ने हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी, जबकि उसके पिता पंजाब में मजदूरी करते हैं। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश व्याप्त है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page