Connect with us

गोरखपुर

फर्जी शादी कर ठगी करने वाले गैंग का खुलासा, सात गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। अंतरराज्यीय लोगों को शादी का झांसा देकर फर्जी विवाह कराने और खुद को पुलिस अधिकारी बताकर बंधक बनाकर धन उगाही करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने 6 अभियुक्तों और 1 अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1,66,600 रुपये नकद, दो कूटरचित पुलिस परिचय पत्र और दो आधार कार्ड बरामद किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर धोखाधड़ी के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत, पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के पर्यवेक्षण में थाना चिलुआताल पुलिस ने यह कार्रवाई की। थाना चिलुआताल में दर्ज मुकदमा संख्या 247/26 के तहत धारा 308(5) व 122(2) बीएनएस में वांछित आरोपियों अंकुर सिंह, राजू शर्मा, धीरेन्द्र यादव उर्फ टुनटुन, रवि चौधरी, मुन्ना जायसवाल, नवमी शर्मा और शैला देवी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी राजू शर्मा ने वादी को शादी का झांसा देकर गोरखपुर बुलाया था, जहां शैला देवी ने विवाह के लिए लड़की उपलब्ध कराई। इसके बाद अंकुर सिंह के घर पर फर्जी शादी कराई गई। इस दौरान अंकुर सिंह ने खुद को पुलिस अधिकारी बताया और अपने साथियों धीरेन्द्र यादव उर्फ टुनटुन, रवि चौधरी, मुन्ना जायसवाल और नवमी शर्मा को सिपाही व दीवान बताकर वादी और उसके परिजनों को बंधक बना लिया। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी देकर कुल 3,11,600 रुपये की रंगदारी वसूल की।

इस मामले में पीड़ित पक्ष ने थाना अनन्तपुरा (कोटा सिटी) राजस्थान में जीरो एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर गोरखपुर के थाना चिलुआताल में मुकदमा पंजीकृत किया गया।

जांच में सामने आया कि यह गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय था और लोगों को लड़की की फोटो भेजकर शादी का झांसा देता था। इसके बाद उन्हें गोरखपुर बुलाकर फर्जी विवाह कराया जाता और गिरोह के सदस्य खुद को पुलिस अधिकारी या कर्मचारी बताकर पीड़ितों को बंधक बनाकर उनसे धन उगाही करते थे।

Advertisement

गिरफ्तार आरोपियों में अंकुर सिंह पुत्र मोलहू निवासी ग्राम उसका थाना चिलुआताल, राजू शर्मा पुत्र मदनलाल शर्मा निवासी बसेलवा कॉलोनी फरीदाबाद हरियाणा हाल पता महेसरा थाना चिलुआताल, धीरेन्द्र यादव उर्फ टुनटुन पुत्र जोखन यादव निवासी कुड़वा थाना चिलुआताल, रवि चौधरी पुत्र रामकिशोर चौधरी निवासी बड़ा सोनबरसा थाना चिलुआताल, मुन्ना जायसवाल पुत्र स्वर्गीय शंकर जायसवाल निवासी मोहरीपुर टोला तरहवां थाना चिलुआताल, नवमी शर्मा पुत्र टुन्नू शर्मा निवासी कुड़वा थाना चिलुआताल तथा शैला देवी पत्नी नंदू यादव निवासी बिलंतपुर खन्ता थाना गोरखनाथ शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना चिलुआताल के थानाध्यक्ष सुरज सिंह सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page