गोरखपुर
प्रेमिका का हाथ पकड़ दूसरी मंज़िल से कूदा प्रेमी
युवती की शादी जून में कहीं और तय होने की जानकारी आई सामने
गोरखपुर। जिले के खजनी थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां प्रेमिका से चोरी-छिपे मिलने पहुंचे युवक ने भीड़ से घिरने पर डर के मारे प्रेमिका का हाथ पकड़कर दूसरी मंज़िल की छत से छलांग लगा दी। हादसे में युवक और युवती दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, खजनी इलाके में रहने वाली 20 वर्षीय युवती का पिछले एक साल से संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र निवासी विशाल (22) से प्रेम संबंध चल रहा था। रविवार को विशाल अपनी प्रेमिका के गांव एक तेरहवीं संस्कार में शामिल होने आया था। इसी दौरान वह चोरी-छिपे प्रेमिका के घर पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि गांव के लोगों को जब इस बात की भनक लगी तो मौके पर भीड़ जुट गई। लोग युवक को नीचे से घेरकर बाहर निकलने के लिए आवाज़ लगाने लगे। चारों तरफ से घिरता देख युवक घबरा गया।

इसी दौरान रात करीब 11 बजे युवक ने प्रेमिका का हाथ पकड़ा और दोनों दूसरी मंज़िल की छत से नीचे कूद गए। करीब 24 फीट नीचे गिरने से दोनों को गंभीर चोटें आईं। गिरते ही युवक और युवती तड़पने लगे, जबकि युवती बेहोश हो गई।
घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस बुलाई गई और दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत गंभीर रही, लेकिन फिलहाल खतरे से बाहर हैं। युवक के पीठ, कमर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि युवती के पैर, पीठ और कमर में चोटें आई हैं। युवती का पैर फ्रैक्चर बताया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, युवती की शादी जून महीने में किसी अन्य स्थान पर तय हो चुकी थी। युवक इसी कारण उससे मिलने के लिए घर आया था, जिसके बाद यह कदम उठाया गया।
वहीं, इस मामले में खजनी थाना प्रभारी जयंत कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। दोनों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
