पूर्वांचल
प्रतापगढ़ में सीएम योगी की जनसभा: कहा – संपत्ति का सर्वे कराकर टैक्स लगाएगा इंडी गठबंधन
होली और दीपावली पर एक सिलिंडर मुफ्त दिया जाएगा : सीएम योगी
सीएम योगी ने रविवार को प्रतापगढ़ के लालगंज में जनसभा की। उन्होंने भाजपा के प्रत्याशी संगम लाल गुप्ता के पक्ष में लोगों को भारी से भारी संख्या में मतदान करने की अपील की। सीएम ने कहा कि, प्रतापगढ़ की पहचान आंवला है। प्रतापगढ़ में मेडिकल कॉलेज बन गया है। हाईवे, बाईपास, ओवरब्रिज व अंडरपास बन रहे हैं। भाजपा सरकार में हर तरफ विकास की गंगा बह रही है।
इस दौरान सीएम योगी ने कांग्रेस और सपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि, सपा सरकार में गरीब रोजगार के अभाव में दम तोड़ता था। किसान आत्महत्या करता था। नौजवान पलायन करता था। बेटी और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे। आज बीजेपी सरकार में 80 प्रतिशत लोगों को मुफ्त में राशन मिल रहा है। महिलाओं को उज्ज्वला योजना का सिलिंडर मिल रहा है। इसके साथ होली और दीपावली पर एक सिलिंडर मुफ्त दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने घोषणा की है कि, 70 वर्ष से ऊपर के लोगों को हर साल पांच लाख तक के इलाज की सुविधा आयुष्मान कार्ड से मिलेगी। 12 करोड़ लोगों को किसान सम्मान निधि मिल रही है। प्रदेश में 56 लाख गरीबों को आवास योजना का लाभ मिला। बाकी बचे गरीबों के लिए आवास बनाए जाएंगे।
इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष को खूब लपेटा। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस और सपा औरंगजेब का जजिया कर विरासत टैक्स लगाना चाहती है। इसे हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। कोई मुसलमान भी अपने बच्चों का नाम औरंगजेब नहीं रखता है। क्योंकि उसने पिता और भाइयों को मार दिया था। कांग्रेस, सपा को जजिया कर लगाने नहीं देंगे। आगे उन्होंने कहा कि अब छठे चरण के मतदान के लिए केवल पाच दिन शेष रह गए हैं। इसलिए सपा और कांग्रेस को एक-एक वोट के लिए तरसा दो।