पूर्वांचल
पोखरे में डूबने से किशोर की मौत, परिवार में कोहराम
घर आयी नई दुल्हन भी हुई बेसुध
चंदौली। यूपी के चंदौली जिले के नौगढ़ क्षेत्र में शादी की खुशियों से सराबोर एक घर में गुरुवार की सुबह अचानक मातम छा गया। नौगढ़ कस्बा स्थित दुर्गा मंदिर के पोखरे में स्नान करते समय 10वीं के छात्र आजाद साहनी की डूबने से मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल गई।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को गांव के बच्चों को पोखरे में स्नान करता देख आजाद ने भी पानी में उतरने का फैसला किया। खेल-खेल में वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद उसे पोखरे से बाहर निकाला गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शादी की खुशियां मातम में बदलीं
आजाद परिवार का सबसे छोटा बेटा था। दो दिन पहले ही उसके चाचा की शादी की रौनक से घर भरा हुआ था। लेकिन इस हादसे ने खुशियों को गम में बदल दिया। मां सविता, पिता बेचू और बड़े भाई अंकित व अभिषेक का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना का असर घर की नई दुल्हन पर भी पड़ा, जो हादसे की खबर सुनकर बेहोश हो गई। उसे तत्काल निजी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा और थानाध्यक्ष कृपेंद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
