गाजीपुर
पूर्व प्रधान महेन्द्र सिंह यादव ने किया इफ्तार पार्टी का आयोजन

सौहार्द और एकता का दिया संदेश
गाजीपुर। गहमर कोतवाली क्षेत्र के बारा न्याय पंचायत के कारोबीर रोईनी ग्राम सभा में पूर्व प्रधान महेन्द्र सिंह यादव द्वारा आयोजित भव्य इफ्तार पार्टी हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। इस आयोजन में करीब 200 लोगों ने हिस्सा लिया और सामूहिक रूप से रोजा खोलकर एकता और भाईचारे का संदेश दिया।
इफ्तार पार्टी के दौरान समाजसेवी मु. शाहनवाज खान ने सभी मोमिनों को मिल-जुलकर रोजा खोलने और देश में अमन-चैन व गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सौहार्द को मजबूत करते हैं। साथ ही रमजान के पाक महीने में जकात के महत्व पर प्रकाश डालते हुए गरीबों तक सहायता पहुंचाने का आग्रह किया।
समाजसेवी हैदर खान ने रमजान और इफ्तार की धार्मिक प्रक्रिया की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इफ्तार करना फर्ज है और सूर्यास्त के बाद इसे करना आवश्यक होता है। इस अवसर पर रोजेदारों के लिए विभिन्न प्रकार के स्वास्थ्यवर्धक व्यंजन, फल और पेय पदार्थ उपलब्ध कराए गए। उन्होंने खजूर से रोजा खोलने की सुन्नत पर जोर दिया और इसे धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
इफ्तार पार्टी में पूर्व प्रधान शकील खान, समाजसेवी डॉ. तबरेज खान, मान सिंह, जियाउद्दीन खान, नरसिंह यादव, मिट्ठू यादव, विनोद यादव, दिनेश मास्टर, मुस्तफा अंसारी समेत ग्राम सभा के अनेक गणमान्य लोगों और युवाओं ने हिस्सा लिया। सभी ने मिलकर इस आयोजन को सफल बनाया और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश की।