गोरखपुर
पुलिस प्रशासन की छत्रछाया में फल-फूल रहा स्तुआभार का अवैध खनन कारोबार
खजनी क्षेत्र में खनन माफियाओं का दबदबा, स्तुआभार बना अवैध कारोबार का गढ़
गोरखपुर। ख़जनी थाना क्षेत्र अंतर्गत स्तुआभार गांव में बीते कई महीनों से अवैध खनन का कारोबार खुलेआम चल रहा है, जो अब पूरी रात जारी रहने लगा है। नियमों को ताक पर रखकर जेसीबी और डंपरों के जरिए मिट्टी/ का खनन किया जा रहा है, लेकिन स्थानीय पुलिस प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, रात होते ही खनन माफिया सक्रिय हो जाते हैं। भारी वाहनों की आवाज से पूरी रात गांव जागता रहता है, लेकिन पुलिस गश्त नदारद रहती है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह पूरा खेल पुलिस प्रशासन की छत्रछाया में लंबे समय से संचालित हो रहा है।
अवैध खनन के कारण जहां पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा है, वहीं ग्रामीण सड़कों की हालत बद से बदतर हो चुकी है। कई बार शिकायतों के बावजूद न तो खनन रोका गया और न ही किसी जिम्मेदार पर कार्रवाई हुई।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि खनन स्थल थाना क्षेत्र से ज्यादा दूर नहीं है, इसके बावजूद कार्रवाई का अभाव पुलिस की भूमिका पर सवालिया निशान खड़ा करता है।
अब देखना यह है कि जिला प्रशासन और उच्च अधिकारी इस गंभीर मामले का संज्ञान लेते हैं या फिर अवैध खनन का यह खेल यूं ही चलता रहेगा।
