Connect with us

अपराध

पुलिस पर फायरिंग के बाद गो-तस्कर घायल, सात पशु बरामद

Published

on

देवरिया। जनपद में गुरुवार तड़के करीब तीन बजे देवरिया शहर में मजार के पास पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पशु तस्करों की ओर से की गई फायरिंग के जवाब में पुलिस की गोली एक तस्कर के पैर में लग गई, जबकि दो अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल तस्कर को हिरासत में लेकर गोवंश से लदी पिकअप को कब्जे में ले लिया है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह गुरुवार तड़के गश्त पर थे। इसी दौरान देवरिया-गोरखपुर मार्ग से पशु तस्करों के आने की सूचना मिलने पर पुरवा चौराहे के पास वाहन चेकिंग शुरू की गई। तभी गोरखपुर की ओर से एक पशु लदा वाहन आता दिखाई दिया, जिसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा।

भागते हुए तस्कर ओवरब्रिज के दाहिने ओर सोमनाथ मंदिर के रास्ते मजार की तरफ मुड़ गए, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा देख तस्करों ने पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक तस्कर के दाहिने पैर में घुटने के पास लगी, जिससे वह गिर पड़ा और पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

घायल तस्कर की पहचान 35 वर्षीय किशन यादव के रूप में हुई है, जो गोरखपुर जिले के भरथरी गांव का निवासी है। उसे उपचार के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पूछताछ में उसने अपने दो अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, पकड़ी गई पिकअप में कुल सात पशु लदे थे, जिनमें तीन गाय और चार बछड़े शामिल थे। इनमें से एक बछड़े की मृत्यु हो गई है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page