चन्दौली
पुलिस चौकी के चंद कदम की दूरी पर दुकान से मोबाइल छीन युवक फरार
बबुरी (चंदौली)। कस्बे में कानून-व्यवस्था की पोल उस वक्त खुल गई, जब दिनदहाड़े एक दुकान पर बैठी नाबालिग बच्ची के हाथ से मोबाइल छीनकर उच्चका फरार हो गया। इस घटना ने न सिर्फ आमजन की सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि बबुरी चौकी पुलिस की सतर्कता पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा निवासी व्यापारी ओमप्रकाश जायसवाल बुधवार की दोपहर अपनी दुकान पर अपनी बेटी जागृति (10 वर्ष) को बैठाकर किसी काम से बाहर गए थे। उसी दौरान एक अज्ञात युवक दुकान में आया और अचानक बच्ची के हाथ से मोबाइल छीनकर आराम से भाग निकला। बच्ची घबरा गई और शोर मचाने लगी, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था।
दिन के उजाले में हुई इस घटना से व्यापारियों और नागरिकों में रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि कस्बे के मुख्य बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त नाम मात्र की रह गई है, जिसका फायदा उठाकर उच्चके बेखौफ वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा है कि यह मामला नवागत चौकी इंचार्ज के लिए पहली बड़ी कसौटी साबित हो सकता है। यदि समय रहते आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो पुलिस की कार्यशैली पर और सवाल खड़े होना तय माना जा रहा है।
