वाराणसी
पुलिस की खुली नींद, 42 दिन बाद दर्ज हुआ चोरी का मुकदमा
वाराणसी। थाना भेलूपुर अंतर्गत सोनारपुरा बागहाड़ा क्षेत्र में हुए चोरी के मामले में पुलिस ने घटना के 42 दिन बाद आखिरकार मुकदमा दर्ज किया। चोरी की यह वारदात 18 अप्रैल को प्रेमा देवी के घर में हुई थी, जिसमें नकदी समेत कीमती गहने चोरी हो गए थे।
पीड़िता प्रेमा देवी के अनुसार, 18 अप्रैल की दोपहर वह अपने मायके गई थीं। जब शाम करीब सात बजे लौटीं तो घर के कमरे में रखा बक्सा खुला हुआ मिला। जांच करने पर उसमें रखा सोने का हार, दो पीस चूड़ी, एक चेन, कान की बाली, नथुनी और पांच हजार रुपये नकद गायब थे।
प्रेमा देवी ने तत्काल इसकी सूचना भेलूपुर थाने में दी थी, लेकिन पुलिस ने तब रिपोर्ट दर्ज नहीं की। कई बार थाने का चक्कर लगाने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। अंततः 42 दिन बाद पुलिस ने रविवार को चोरी का मुकदमा दर्ज किया।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर नाराजगी है और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी की जाएगी।
