वाराणसी
पारिवारिक कलह में युवक ने की आत्महत्या
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के भरलाई गांव में पारिवारिक विवाद से क्षुब्ध एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सत्येंद्र कुमार (27) के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत था। घटना की सूचना मिलते ही शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, सत्येंद्र गुरुवार शाम काम से लौटने के बाद किसी बात को लेकर अपनी पत्नी प्रीती से उलझ गया। कहासुनी के कुछ ही देर बाद उसने अपने कमरे में पंखे के सहारे दुपट्टे से फांसी लगा ली। परिवारवालों ने जब तक कुछ समझा, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
सत्येंद्र की शादी चार वर्ष पूर्व हुई थी और उसकी एक डेढ़ साल की बेटी भी है। वह अपने दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। आत्महत्या की वजह घरेलू कलह बतायी जा रही है।
