वाराणसी
कोटवां चौकी इंचार्ज ने एक घंटे में खोजा छात्र का खोया मोबाइल
वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के कोटवां चौकी इंचार्ज पवन कुमार ने तत्परता दिखाते हुए PET परीक्षा देने आए एक छात्र का खोया हुआ मोबाइल महज एक घंटे के भीतर बरामद कर वापस कर दिया। पुलिस की इस सक्रियता की छात्र और स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निलेश यादव निवासी ग्राम पीपरपाती, थाना बांसगांव, जनपद गोरखपुर, PET परीक्षा देने के लिए कोटवां आया था। परीक्षा स्थल पर किसी समय उसका ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन गिर गया। परेशान निलेश ने कोटवां चौकी पहुंचकर मोबाइल खोने की सूचना दी और एक प्रार्थना पत्र सौंपा।
सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज पवन कुमार ने सक्रियता दिखाते हुए अपने पैंथर दल के साथ तत्काल मोबाइल की खोज शुरू कर दी। टीम ने संभावित स्थानों पर छानबीन करते हुए करीब एक घंटे के अंदर मोबाइल फोन बरामद कर लिया और उसे सुरक्षित निलेश को सौंप दिया।
मोबाइल मिलने के बाद निलेश ने चौकी इंचार्ज व पुलिस टीम का आभार जताया। क्षेत्रीय लोगों ने भी पुलिस की संवेदनशीलता व तत्पर कार्यशैली की सराहना की है।
