वाराणसी
पत्रकारों से बदसलूकी के मामले में मंडलायुक्त ने ज्ञानवापी के सुरक्षा अधिकारियों से किया जवाब-तलब
वाराणसी। रंगभरी एकादशी के दौरान इंडिया न्यूज़ के स्थानीय संवाददाता पंकज चतुर्वेदी तथा दैनिक भास्कर डिजिटल के हिमांशु अस्थाना के साथ विश्वनाथ कॉरिडोर परिसर में पुलिस अधिकारियों द्वारा की गई बदसलूकी, हाथापाई, धक्का-मुक्की और उनका आईडी छीन लेने के मामले में मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने ज्ञानवापी सुरक्षा में तैनात अधिकारियों से जवाब-तलब किया है।
उन्होंने निर्देश दिया है कि, तत्काल इसकी आख्या प्रेषित की जाए। इस संबंध में गुरुवार को पंकज चतुर्वेदी ने मंडलायुक्त को एक प्रार्थना पत्र भी दिया। उनके साथ कई चैनलों के संवाददाता और प्रिंट मीडिया के लोग भी थें। उन्होंने पत्र में आरोप लगाया कि, अपर पुलिस उपायुक्त सुरक्षा वीरेंद्र कुमार द्वारा मेरे साथ बदसलूकी की गई, अपमानजनक व्यवहार किया गया। वायरलेस हेंडसेट से मेरे हाथ पर चोट पहुंचाया गया साथ ही मेरी आईडी भी छीन ली। इससे मैं मर्माहत हूं। इस मामले की जांच कराकर जिम्मेदार पुलिस अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही हेतु शासन को पत्र लिखा गया।
