Connect with us

वाराणसी

“पत्रकारिता के लिए आने वाला समय चुनौतीपूर्ण होगा” : देवी प्रसाद गुप्ता

Published

on

वाराणसी। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन (ग्रापये) के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवी प्रसाद गुप्ता ने कहा कि आने वाले समय में ग्रामीण पत्रकारों को और अधिक चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। इसके लिए आवश्यक है कि पत्रकार समय के साथ खुद को डिजिटल मीडिया के अनुरूप ढालें, जिससे इन चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

वे मंगलवार सायंकाल बाबतपुर स्थित अमन होटल में ग्रापये के संस्थापक स्व. बालेश्वर प्रसाद की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित विचार संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पत्रकारिता की यात्रा पोस्टकार्ड से शुरू होकर अब इंटरनेट की दुनिया तक पहुँच चुकी है। आने वाला समय प्रिंट मीडिया के लिए और भी कठिनाइयाँ लेकर आएगा। पत्रकारों को चाहिए कि वे सजग रहें और सत्य के निकट रहते हुए पत्रकारिता करें।

ग्रापये के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह ने कहा कि सत्य के साथ चलने पर सभी प्रकार के पुरुषार्थ सिद्ध होते हैं। पत्रकारों को पीक पत्रकारिता (सनसनीखेज रिपोर्टिंग) से बचने की आवश्यकता है। उन्होंने संगठन को सक्रिय बनाने के लिए सदस्यता अभियान चलाने पर जोर देते हुए कहा कि नवंबर माह में प्रदेश के सभी जिलों में सदस्यता प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे।

प्रदेश प्रभारी डॉ. के.एन. राय ने कहा कि पत्रकारिता का स्वरूप अब डिजिटल होता जा रहा है। ऐसे में हमें अपनी लेखनी के प्रति सजग रहना होगा। पत्रकारिता भीड़ नहीं, बल्कि शब्द और घटनाओं को सटीक ढंग से प्रस्तुत कर समाज को दिशा देने का माध्यम है।

Advertisement

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय निदेशक, सूचना विभाग डॉ. सुरेंद्र नाथ पाल ने कहा कि पत्रकार और सूचना विभाग एक-दूसरे के पूरक हैं। उनके समन्वय से ही पत्रकारिता पूर्ण होती है, अन्यथा यह अधूरी रह जाती है।

इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रदर्शनी अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश सचिव नागेश्वर सिंह, वाराणसी मंडल अध्यक्ष विंदेश्वरी सिंह, विंध्याचल मंडल अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विकास दत्त मिश्रा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गजेंद्र सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष (जौनपुर) गुलाब पांडेय, मंडल महामंत्री प्रदीप पांडेय सहित कई पदाधिकारियों ने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने की तथा संचालन संजय गुप्ता व प्रवीण यादव ने किया। धन्यवाद ज्ञापन जिला संरक्षक अरुण कुमार उर्फ बबलू मिश्रा ने किया।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के ख्यातिलब्ध लोग उपस्थित रहे। इनमें पूर्व एमएलसी राजदेव सिंह, एग्रो पार्क करखियाव के अध्यक्ष व उद्यमी मनोज मद्धेशिया, डॉ. दिनेश मिश्रा, नेत्र चिकित्सक डॉ. अवधेश सिंह, डॉ. संगीता दुबे, डॉ. विनय पांडेय, शिक्षाविद डॉ. कौशलेंद्र नारायण सिंह, कन्हैया लाल पटेल, शैलेश पांडेय, समाजसेवी मनोज त्रिपाठी, डंपी तिवारी, अमन कबीर एवं साधु सिंह प्रमुख हैं। इन सभी को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं स्व. बालेश्वर प्रसाद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम रात्रि 8:30 बजे तक चला।

Advertisement

इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह पिंटू, जिला उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह, अजय सिंह, नित्यानंद चौबे, मनोज जायसवाल, सुधीर मिश्रा, पंधारी वर्मा, मोहम्मद गुलाम, सदर अध्यक्ष विजयशंकर चौबे, राजातालाब अध्यक्ष रमेश शर्मा, रिंकू पाठक, आर.डी. यादव, गुड्डू हाशमी, दीपक सिंह, विश्वनाथ सिंह, संतोष गुप्ता, जयचंद मोदनवाल, धनंजय मोदनवाल, शशिकांत जायसवाल, शाहिद आलम, राजकुमार मिश्रा सहित जिलेभर के पत्रकार उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page