वाराणसी
पत्नी ने पति सहित आठ के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बिहार की रहने वाली एक नवविवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के आठ लोगों पर 10 लाख रुपए की मांग, मारपीट और गाली-गलौज का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विवाह के बाद शुरू हुआ अत्याचार
महिला का विवाह 23 अप्रैल 2024 को वाराणसी के छित्तुपुर स्थित नान कोचिंग क्लब में सतेन्द्र कुशवाहा से वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार हुआ था। विवाह के अगले दिन ही वह अपने पति के साथ ससुराल बिहार चली गई। आरोप है कि कुछ ही दिनों बाद पति, सास, ससुर और ननदों ने मिलकर 10 लाख रुपए दहेज की मांग करनी शुरू कर दी। असमर्थता जताने पर उसे गालियां दी गईं और शारीरिक प्रताड़ना भी दी गई।
पीड़िता ने बताया कि 7 फरवरी 2025 को पति सतेन्द्र कुशवाहा ने उसके गहने और कपड़े घर पर रख दिए और जबरन मायके छोड़ आया। जाते समय उसने कहा कि वह मध्य प्रदेश में बिल्डर है और पहले से एक महिला से संबंध रखता है। धमकी दी कि अगर एक माह के भीतर 10 लाख रुपए नहीं मिले तो वह दूसरी महिला से विवाह कर लेगा।
महिला ने कहा कि उसके पिता चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं और उन्होंने विवाह में अपनी सामर्थ्य अनुसार नगद और सामान पहले ही दे दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष की मांगें बढ़ती रहीं और उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा। थककर उसने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।
लंका थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों पक्षों को बुलाया गया है और जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।