अपराध
पत्नी की आत्महत्या के बाद सिपाही पति ने भी दी जान
औरैया। जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां पत्नी की आत्महत्या के कुछ घंटे बाद उसके पुलिसकर्मी पति ने भी खुदकुशी कर ली। इस घटना के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, औरैया के बनारसीदास मोहल्ले में शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे एक विवाहिता को पंखे से लटका हुआ पाया गया। परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके कुछ घंटे बाद रायबरेली में तैनात महिला के पति का शव भी फंदे पर लटका मिला। पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आ रही है।

संतोषी (26) अपने ससुराल में रह रही थीं। उनकी शादी पिछले साल नवंबर में उपेंद्र कुमार के साथ हुई थी जो वर्तमान में रायबरेली के ऊंचाहार में सिपाही के पद पर कार्यरत थे। शादी के कुछ महीनों के भीतर ही दोनों के बीच तनाव की स्थिति बन गई थी। संतोषी के मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि ससुरालवाले उन्हें लगातार परेशान करते थे जिससे कई बार विवाद हुआ।
करवाचौथ के मौके पर रायबरेली जाने के विषय को लेकर भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। जब उपेंद्र को छुट्टी न मिलने के कारण संतोषी नाराज थीं। इसी मामूली विवाद के बाद संतोषी ने आत्महत्या कर ली और कुछ समय बाद उपेंद्र ने भी सदमे में आकर अपनी जान दे दी।

फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के आधार पर तथ्यों की पुष्टि करने की कोशिश की जा रही है।
