वायरल
पति की मौत के बाद पत्नी ने भी तोड़ा दम, एक ही चिता पर हुआ अंतिम संस्कार
20 महीने से बीमार पति की सेवा करती रहीं जानकी
झांसी। धौरका गांव (झांसी) में एक दिल दहलाने वाली घटना हुई। 74 वर्षीय रतीराम परिहार की मृत्यु के 20 मिनट बाद उनकी पत्नी जानकी देवी (71) ने भी दम तोड़ दिया। दोनों का विवाह 1970 में हुआ था, और उनके बीच गहरा प्रेम था।
20 महीने से बीमार पति की सेवा करती रहीं जानकी
रतीराम को जनवरी 2023 में लकवा मार गया था, जिसके बाद वह बिस्तर से उठ नहीं पाए। उनकी देखभाल का सारा जिम्मा जानकी ने उठा लिया। वह पूरी तन-मन से अपने पति की सेवा करती रहीं। यहां तक कि उनकी हर छोटी-बड़ी ज़रूरत का ध्यान रखतीं। गांव वालों के अनुसार, वह अक्सर कहा करती थीं कि भगवान उन्हें उनके पति के साथ ही उठा ले।

पति की मृत्यु की खबर सहन नहीं कर पाईं जानकी
शुक्रवार रात करीब 8 बजे रतीराम का निधन हुआ। पति के जाने का दुख जानकी सहन नहीं कर पाईं। वह रोते-रोते बेसुध हो गईं और कुछ ही देर बाद उनका भी निधन हो गया। उनके बेटे विनोद परिहार ने बताया कि मां जानकी देवी अपने पति के बिना जीने की कल्पना भी नहीं कर सकती थीं।
एक साथ उठी अर्थी, एक ही चिता पर विदाई
शनिवार सुबह गांव में खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। रिश्तेदारों और गांव वालों ने मिलकर दोनों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया। दोपहर में एक साथ पति-पत्नी की अर्थी उठाई गई और गांव के लोगों ने नम आंखों से उन्हें विदा किया। रतीराम और जानकी अपने पीछे तीन बेटे विनोद, प्रमोद और प्रवीण और एक बेटी अनीता को छोड़ गए हैं।
