वाराणसी
पतंग खरीदकर लौट रहे मासूम पर बंदर ने किया हमला
पखवारे भर में छह लोगों को कर चुका है जख्मी
वाराणसी। शहर के शिवपुर क्षेत्र में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शिवपुर बाइपास स्थित न्यू अशोक विहार कॉलोनी में छह साल के मासूम पर बंदर ने हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घायल बच्चे का उपचार पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल में कराया गया।
राजकीय होम्योपैथिक कॉलेज, गाजीपुर में तैनात डॉ. राजीव मौर्य का परिवार न्यू अशोक विहार कॉलोनी में रहता है। उनका छह वर्षीय पुत्र अथर्व दोपहर के समय घर के समीप स्थित दुकान से पतंग खरीदकर लौट रहा था। घर का दरवाजा खोलकर जैसे ही वह अंदर दाखिल हुआ, तभी एक बंदर ने उस पर अचानक हमला कर दिया।
बंदर के नुकीले दांतों से बचने के लिए अथर्व उससे जूझता रहा। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर स्वजन मौके पर पहुंचे, तब तक बंदर वहां से भाग निकला। इससे पहले वह मासूम के नाजुक बदन को कई स्थानों पर अपने नुकीले दांतों से जख्मी कर चुका था।
अथर्व के दादा डॉ. जी.एस. मौर्य ने बताया कि बीते एक पखवारे में बंदर कॉलोनी के छह लोगों को काटकर घायल कर चुका है। वहीं, मेहता नगर कॉलोनी निवासी जितेंद्र नारायण सिंह का कहना है कि उनकी कॉलोनी में भी कई महीनों से बंदरों का आतंक बना हुआ है और बीते एक माह में एक दर्जन लोगों पर हमला हो चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन बंदर लोगों पर हमला कर रहे हैं, जिससे दहशत का माहौल है।
