गोरखपुर
नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप, मुकदमा दर्ज
गोलाबाजार (गोरखपुर) गोला थाना क्षेत्र के ग्राम गौर बेदौली में एक नाबालिग लड़की को बगल के गांव के एक युवक द्वारा बहला फुसलाकर एवं शादी का झांसा देकर भगा ले जाने का मामला प्रकाश में आया है। लड़की की मां ने गोला थाने में लिखित तहरीर देकर युवक के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
प्राप्त विवरण के अनुसार ग्राम गौर बेदौली निवासी नाबालिग लड़की की मां ने बगल के गांव के एक युवक पर अपनी नाबालिग लड़की (उम्र लगभग 17 वर्ष) को बहला फुसलाकर कर भगा ले जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी लड़की को उक्त युवक ने दिनांक 6 फरवरी को रात्रि लगभग ढाई बजे भगा ले गया। पीड़िता ने युवक का मोबाइल नंबर भी तहरीर में अंकित किया है और आवश्यक कार्यवाही की मांग की।
उक्त प्रकरण में लड़की की मां के तहरीर के आधार पर घटना में लिप्त युवक के खिलाफ थाना गोला में बीएनएस की धारा 137(2) व 87 के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
